वाराणसी। माघ मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ एवं पलट-प्रवाह की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा बुधवार को मैदागिन चौराहा से गोदौलिया चौराहा होते हुए रामापुरा तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा,
यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित दर्शन को सुनिश्चित करने हेतु घोषित “नो व्हीकल जोन” का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नो व्हीकल जोन में त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग व्यवस्था लागू करने, नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई तथा आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने पर
विशेष जोर दिया। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि एंबुलेंस, अखबार, दूध, गैस आपूर्ति एवं बैंक कैश वैन जैसी आवश्यक सेवाओं को नो व्हीकल जोन से छूट दी जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुनः अतिक्रमण न होने देने के निर्देश भी दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए 21 पार्किंग स्थल एवं 10 होल्डिंग एरिया चिन्हित किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा निगरानी हेतु संवेदनशील स्थलों पर वॉच टॉवर स्थापित करने तथा नदी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए। नौका संचालन को लेकर पुलिस आयुक्त ने नावों पर लाइफ जैकेट का उपयोग अनिवार्य करते हुए ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराने को कहा। इसके अनुपालन हेतु विशेष अभियान चलाकर नियम उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। माघ मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं के सहज, सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्नान-दर्शन को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, श्रद्धालुओं से निरंतर संवाद व मार्गदर्शन हेतु पुलिसकर्मियों को लाउड हेलर एवं पीए सिस्टम के प्रभावी उपयोग तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को मौके पर समुचित ब्रीफिंग देने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित कराने पर विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध श्री अतुल अंजान त्रिपाठी, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली श्री विजय प्रताप सिंह सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।









