राजातालाब। स्थानीय थाना क्षेत्र के कृष्णदत्तपुर कोइलीपुल गांव में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 18 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दिनेश सिंह के पुत्र आर्यन सिंह के रूप में हुई है, जो राजकीय इंटर कॉलेज जख्खिनी में कक्षा 12 का छात्र था। परिजनों के अनुसार, सुबह देर तक जब आर्यन ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो घर वालों को अनहोनी की आशंका हुई। काफी प्रयास के बाद दरवाजा तोड़ा गया, जहां अंदर का दृश्य देख परिजन स्तब्ध रह गए। आर्यन कमरे में खूंटी के सहारे फांसी पर लटका हुआ था। उसके चेहरे पर पॉलिथीन चढ़ी थी तथा मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। आर्यन दो भाइयों में छोटा था। आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिससे परिवार सदमे में है। बेटे की मौत से पिता दिनेश सिंह और माता नीलू सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार आर्यन पढ़ाई में मेधावी था और शतरंज खेलने का शौकीन भी था। वह मोबाइल फोन के माध्यम से पढ़ाई करता था और गेम भी खेलता था। इसी क्रम में कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि कहीं किसी मोबाइल गेम या ऑनलाइन गतिविधि के जरिए उसे आत्महत्या के लिए उकसाया तो नहीं गया। पुलिस ने जांच के लिए मृतक का मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिया है, जो उसके कमरे से बरामद हुआ। मोबाइल का स्क्रीन लॉक होने के कारण तकनीकी जांच की जा रही है।घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।









