वाराणसी। रोटरी क्लब वाराणसी शिवगंगा द्वारा नववर्षाभिनंदन समारोह एवं क्लब का 22वाँ स्थापना दिवस आशापुर स्थित तनिष्क बैंक्वेट एवं लॉन में भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सेवा, सौहार्द और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सुंदर संगम देखने को मिला। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंडलाध्यक्ष हरिमोहन शाह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, संस्थापक अध्यक्ष रविशंकर सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं चार्टर पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत रंजना कुमार द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। क्लब अध्यक्ष अजय कुमार एवं सचिव ज्ञानेश सेठ ने संस्थापक अध्यक्ष रविशंकर सिंह सहित अन्य संस्थापक सदस्यों को अंगवस्त्रम एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही रोटरी फाउंडेशन में पीएचएफ योगदान हेतु पाँच सदस्यों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर क्लब के 22वें स्थापना दिवस का केक भी काटा गया। संस्थापक अध्यक्ष रविशंकर सिंह ने अपने उद्बोधन में क्लब की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोटरी शिवगंगा को शताब्दी क्लब होने का गौरव प्राप्त है, क्योंकि इसकी स्थापना रोटरी के 100वें वर्ष में हुई थी। सेवा कार्यों के क्षेत्र में क्लब ने निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।रंगारंग कार्यक्रमों की शुरुआत संस्थापक सदस्यों के ग्रुप डांस से हुई, जिसके बाद कपल ग्रुप डांस ने समां बांध दिया। इसके अलावा पासिंग द पार्सल, म्यूजिकल चेयर, स्पून द्वारा क्वाइन कलेक्शन गेम, बैलून गेम, एकल गायन एवं नृत्य जैसी प्रतियोगिताओं में सदस्यों ने परिवार सहित बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने स्वादिष्ट बनारसी व्यंजनों का आनंद लिया। प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत अनूप नागर ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अम्बरीष निगम एवं रंजना कुमार ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्रकाश सीए विवेक वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एजी पी के अग्रवाल, अश्वनी शाह, अनूप नागर, दिलीप गुप्ता, अजय पाण्डेय, गिरीश गुप्ता, आलोक जोशी, जय मित्तल, मिर्ज़ा काजिम रजा, अरविन्द विनोद अग्रवाल, विजय अग्रवाल, योगेश श्रीवास्तव, नीलेश भुवालका सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









