प्रयागराज। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यूपी, बिहार और झारखंड में फैले अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना एवं एक लाख रुपये के इनामी अपराधी नवदीप सिंह उर्फ नेवी ग्रेवाल उर्फ लकी सिंह को पंजाब के मोहाली जनपद स्थित जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी बीते कई वर्षों से पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए फरार चल रहा था।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार नवदीप सिंह संगठित शराब तस्करी के एक ऐसे गिरोह का संचालन कर रहा था, जो पंजाब और चंडीगढ़ से अवैध अंग्रेजी शराब की खेप विभिन्न राज्यों में सप्लाई करता था। गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी—शराब को अंडे, मुर्गी दाना और प्लास्टिक स्क्रैप जैसे वैध माल की आड़ में ट्रकों के माध्यम से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड भेजा जाता था।
वर्ष 2023 में प्रयागराज एसटीएफ ने नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक ट्रक को पकड़कर अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की थी। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि पकड़ी गई शराब की खेप पंजाब से संचालित नवदीप सिंह के सिंडिकेट द्वारा भेजी जा रही थी। उस समय ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन गिरोह का सरगना नवदीप सिंह मौके से फरार हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नवाबगंज थाने में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। फरारी के चलते उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया, जिसके बाद से एसटीएफ और यूपी पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थीं।
हाल ही में एसटीएफ को पुख्ता सूचना मिली कि वांछित आरोपी पंजाब के मोहाली क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एसटीएफ इंस्पेक्टर जय प्रकाश राय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जीरकपुर में दबिश दी और नवदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह हरियाणा के हिसार निवासी अपने करीबी सहयोगी मनवीर सिंह उर्फ मन्नू समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर वर्षों से शराब तस्करी के इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी, स्टोरेज और वितरण की जिम्मेदारी संभालते थे।
एसटीएफ की जांच में यह भी सामने आया है कि नवदीप सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ प्रयागराज, अयोध्या, सुल्तानपुर, बाराबंकी, कानपुर, भदोही, रायबरेली समेत झारखंड के रांची जिले में भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में वह रांची में शराब तस्करी के एक मामले में जेल भी जा चुका है।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर प्रयागराज लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रयागराज पहुंचने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और ठिकानों का भी खुलासा होने की संभावना है।









