मिर्जामुराद। खोचवां (रूपापुर) स्थित जनता इंटर कॉलेज के सूर्या मैदान पर आयोजित दस दिवसीय बाबू रामखेलावन सिंह स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला गया। रोमांचक फाइनल में वाराणसी की जयनारायण क्रिकेट एकेडमी ने मुंबई की वीपीसीसी टीम को नौ विकेट से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की वीपीसीसी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 155 रन बनाए। टीम की ओर से आशीष ने शानदार 46 रन जबकि अनुराग ने 32 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जयनारायण क्रिकेट एकेडमी (वाराणसी) की टीम ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वाराणसी की ओर से सत्यम ने नाबाद 118 रनों की जबरदस्त पारी खेली, जबकि निखिल ने 21 रन बनाए।

बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सत्यम को मैन ऑफ द मैच चुना गया, वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल के लिए मुंबई के मीत माइकर को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि आराजी लाइन के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल तथा विशिष्ट अतिथि स्नातक एमएलसी प्रत्याशी पंकज सिंह ‘डब्लू’ ने विजेता वाराणसी टीम को 45 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता मुंबई टीम को 25 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
मैच में अंपायर की भूमिका विधान सिंह और माकिर अली ने निभाई। प्रतियोगिता के प्रबंधक राजीव गौतम एवं विकास सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर एमपी सिंह, प्रदीप सिंह (फौजी), शैलेन्द्र सिंह ‘पिन्टू’ (पत्रकार), दिनेश सिंह (बाबा), गोपालदत्त शर्मा, सुशील सिंह (गोपाल), संजय सिंह, शुभम सिंह, संतोष पांडेय, गजराज सिंह (पप्पू), दिनेश सिंह (बल्ली), राजेश सिंह (भुल्ली), संजीव सिंह, राममूरत यादव, अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।









