वाराणसी। नववर्ष के शुभ अवसर पर वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के सभागार में गुरुवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा ने दिसंबर माह में सर्वाधिक एवं त्वरित रूप से ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृत करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्री बोरा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली से न केवल नागरिकों को बड़ी राहत मिली है, बल्कि भ्रष्टाचार पर भी प्रभावी अंकुश लगा है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, ताकि अन्य अधिकारी भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित हों।
दिसंबर माह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपर नगर नियोजक/जोनल अधिकारी श्री सौरभ जोशी, अवर अभियंता श्री जय प्रकाश गुप्ता, सुश्री प्रिया अग्रहरी, जोन-3 के जोनल अधिकारी श्री सौरभ देव प्रजापति, अवर अभियंता श्री रविन्द्र प्रकाश एवं एसोसिएट इंजीनियर श्री सुशील कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

उपाध्यक्ष महोदय ने सभी सम्मानित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी वे इसी तरह समर्पण, पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं प्रदान करते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
सम्मान समारोह में सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव गुड़केश शर्मा, नगर नियोजक प्रभात कुमार, श्रीमती सुनीता गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









