चन्दौली। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बलुआ पुलिस ने एक बार फिर कानून का मजबूत संदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के स्पष्ट एवं कठोर निर्देशों के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के कुशल पर्यवेक्षण में थाना बलुआ पुलिस ने बड़ी सफलता अर्जित करते हुए अवैध असलहे के साथ एक युवक को धर दबोचा।
थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम दिनांक 01 जनवरी 2026 की तड़के ब्रह्मबाबा स्थान, महुअरकला (बहद ग्राम महुअरकला), थाना बलुआ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबराया हुआ प्रतीत हुआ। शक के आधार पर जब उसे रोका गया और तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा (.315 बोर) तथा एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ। मौके पर ही युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकाश कुमार उर्फ विशाल पुत्र बब्बन राम, निवासी ग्राम महुअरकला, थाना बलुआ, जनपद चन्दौली, उम्र लगभग 24 वर्ष के रूप में हुई है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना बलुआ पर मु0अ0सं0 01/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह उक्त अवैध असलहा लोगों को डराने-धमकाने और समाज में अपना दबदबा कायम करने के उद्देश्य से रखता था। उसने यह भी बताया कि यह तमंचा और कारतूस उसने बिहार में राह चलते एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था। अभियुक्त के इस बयान से अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क की ओर भी संकेत मिल रहे हैं, जिस पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में थाना बलुआ में एनसीआर संख्या 189/18 धारा 323/504 भादवि तथा मु0अ0सं0 140/20 धारा 411/414 भादवि के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में दर्ज आर्म्स एक्ट का मामला उसके आपराधिक कृत्यों की श्रृंखला में एक और गंभीर अध्याय जोड़ता है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उपनिरीक्षक यज्ञनारायण यादव (चौकी प्रभारी महुअरकला), हेड कांस्टेबल जलभरत यादव, दीपचन्द्र गिरी, पदमदेव पाण्डेय, किशोरी लाल तथा कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा शामिल रहे। सभी पुलिसकर्मियों की सतर्कता और तत्परता से यह कार्रवाई सफल हो सकी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में अवैध हथियार रखने, अपराध फैलाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। बलुआ पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा है, बल्कि आम जनता में सुरक्षा और भरोसे की भावना भी और अधिक मजबूत हुई है।










