वाराणसी। कड़ाके की ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रक्षा अध्ययन विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) उदय प्रताप कॉलेज, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में एक सराहनीय सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत पाण्डेयपुर, वरुणापार, नदेसर एवं दनियालपुर गांवों में एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने वृद्धजनों, दिव्यांगों, विधवाओं तथा छोटे बच्चों को कपड़े एवं कंबल वितरित कर उन्हें भीषण शीतलहर से सुरक्षा प्रदान की।
इस अवसर पर रक्षा अध्ययन विभाग के विभागाध्यक्ष एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अग्नि प्रकाश शर्मा ने कहा कि अत्यधिक ठंड के इस दौर में जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। ऐसे सामाजिक कार्यों से विद्यार्थियों में मानवीय संवेदनाएं विकसित होती हैं, साथ ही उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों का बोध भी सुदृढ़ होता है।
एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी श्वेता सोनकर ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को समाज के प्रति संवेदनशील और उत्तरदायी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भविष्य में भी राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से जनकल्याणकारी गतिविधियों को निरंतर जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने उत्साह और समर्पण भाव के साथ सेवा कार्य में भाग लेकर समाजसेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।









