चन्दौली। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज–5.0 के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत सभी थानों की एंटी-रोमियो टीमों द्वारा बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान महिला-सम्बन्धी समस्याओं के निस्तारण हेतु उपलब्ध सहायता एवं पुलिस की भूमिका की जानकारी भी दी गई। जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे— मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन एवं सखी निवास योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अतिरिक्त महिलाओं को संरक्षण प्रदान करने वाले महत्वपूर्ण कानूनों—
घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005,
कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013,

दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986) तथा
गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994
के प्रमुख प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
साथ ही थानों पर नवस्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के कार्य, उद्देश्य एवं उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के संबंध में महिलाओं को अवगत कराया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।









