चंदौली। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों द्वारा “मिशन शक्ति” विशेष अभियान (फेज-5.0) के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कम्युनिटी पुलिसिंग को सशक्त बनाते हुए महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित व आत्मनिर्भर वातावरण प्रदान किया जा सके।
अभियान के तहत जनपद के सभी थानों की एंटीरोमियो टीमों द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, कस्बों एवं भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सघन जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, पुलिस सहायता सेवाओं तथा आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।

ग्रामीण क्षेत्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित जागरूकता गोष्ठियों के माध्यम से महिला संबंधी समस्याओं को न केवल सुना गया, बल्कि उनके तत्काल एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की गई।
अभियान के अंतर्गत कम्युनिटी पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया, जिससे पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत किया जा सके।
इस अवसर पर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए गए, जिनमें वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपात सेवा-112, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, चाइल्ड लाइन-1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन-1930, एम्बुलेंस सेवा-108 व स्वास्थ्य सेवा-102 शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन सुनिश्चित करना चंदौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति फेज-5.0 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी थानों एवं एंटीरोमियो टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे जनता से निरंतर संवाद बनाकर समस्याओं का त्वरित समाधान करें।
इसके साथ ही थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के कार्य, उद्देश्य एवं उपलब्ध सेवाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। चंदौली पुलिस महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम एवं उन्हें सशक्त बनाने के लिए समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।









