जमानियां। बढ़ती कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जमानियां कोतवाली पुलिस द्वारा रात्रि समय पैदल गश्त को लगातार जारी रखा जा रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने भेंटवार्ता में बताया कि ठंड के मौसम में अपराधों की आशंका बढ़ जाती है, ऐसे में आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस बल के साथ संवेदनशील क्षेत्रों, कस्बा क्षेत्र, स्टेशन बाजार एवं मुख्य मार्गों पर सघन पैदल गश्त की जा रही है। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ, दोपहिया व चारपहिया वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही है। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार देर रात तक यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। ठंड के बावजूद पुलिसकर्मी सड़कों पर डटे हुए हैं और क्षेत्र भ्रमण के साथ सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए नियमों के पालन की अपील भी की जा रही है।

वहीं, स्टेशन बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज अश्वनी प्रताप सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान दुकानदारों, व्यापारियों एवं राहगीरों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया।









