वाराणसी, 29 दिसंबर 2025। लोहता थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी युवक राहुल मिश्रा (30 वर्ष) की आत्महत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मृतक की मां ने विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर वाराणसी पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुए मुख्य आरोपी शुभम सिंह उर्फ डेंजर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो परिवार और सामाजिक संगठन मिलकर कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
लोहता थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी राहुल मिश्रा ने 9–10 दिसंबर 2025 की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले राहुल ने बाइक चलाते हुए 7 मिनट 29 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपनी पत्नी संध्या सिंह और उसके प्रेमी शुभम सिंह उर्फ डेंजर पर बेवफाई, अवैध संबंध और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में राहुल ने कहा था कि वह अपनी पत्नी और बेटे से बेहद प्यार करता था और जीना चाहता था, लेकिन पत्नी के अवैध संबंध और बेटे से मिलने से रोके जाने के कारण वह मानसिक रूप से टूट गया।
मामले में पुलिस ने राहुल की पत्नी संध्या सिंह और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी शुभम सिंह डेंजर अब तक फरार है। मृतक की मां का कहना है कि वीडियो में स्पष्ट साक्ष्य होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सीमा चौधरी (अध्यक्ष, युवा फाउंडेशन), जिला अध्यक्ष विकाश मौर्या, हेमंत पाठक, डेबिट मिश्रा, दुर्गेश पांडे, निमिष उपाध्याय, अक्षय मिश्रा, अमन पांडे, अमन मिश्रा, गौतम मिश्रा, बल्लू सहित अन्य लोगों ने परिवार का समर्थन करते हुए ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
परिवार और सामाजिक संगठनों ने दो टूक कहा है कि यदि 48 घंटे के भीतर शुभम सिंह की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। वहीं, वाराणसी पुलिस कमिश्नर की ओर से परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।









