वाराणसी। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर काशी की साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभा रही चंद्रा साहित्य परिषद (ट्रस्ट) द्वारा पत्रकारिता जगत के दो प्रतिष्ठित एवं वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित कर साहित्य और पत्रकारिता के आपसी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया गया। परिषद कार्यालय में आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह में आईएजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नजर न्यूज नेटवर्क के मुख्य प्रबंध निदेशक डॉ. कैलाश सिंह विकास, काशी तथा न्यूज व दैनिक लोकतंत्र लाइव के संवाददाता आनंद सिंह अन्ना को अंगवस्त्रम्, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह की अध्यक्षता करते हुए चंद्रा साहित्य परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं इंडियन एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय मंत्री वरिष्ठ पत्रकार इंजी. राम नरेश ‘नरेश’ ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है, जो विचार, संवेदना और चेतना को दिशा देता है, जबकि पत्रकारिता समाज की नब्ज को पहचान कर जनहित की आवाज को सशक्त रूप से सत्ता और समाज तक पहुंचाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार देश और समाज के चौथे स्तंभ के रूप में लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और समाचार संचार क्रांति के अग्रदूत हैं। इंजी. राम नरेश ‘नरेश’ ने कहा कि आज के बदलते दौर में पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों, जन समस्याओं और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने का सशक्त मंच बन चुकी है। ऐसे में पत्रकारों का सम्मान करना वास्तव में समाज की जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि चंद्रा साहित्य परिषद प्रारंभ से ही साहित्य, संस्कृति और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करती रही है और यह परंपरा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। इस अवसर पर चंद्रा साहित्य परिषद ट्रस्ट के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. कैलाश सिंह विकास ने संस्था की साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिषद साहित्य को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ पत्रकारिता के माध्यम से समाज को नई दिशा देने वाले कर्मठ पत्रकारों को बराबर सम्मान प्रदान करती रही है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजी. राम नरेश ‘नरेश’ के नेतृत्व की सराहना करते हुए इसे संस्था के लिए भगीरथ प्रयास बताया तथा परिषद को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की कामना की। साथ ही उन्होंने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए साहित्य और पत्रकारिता के साझा प्रयासों को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया। सम्मानित पत्रकार डॉ. कैलाश सिंह विकास ने सम्मान के लिए चंद्रा साहित्य परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता सेवा और सामाजिक दायित्व का माध्यम है, जिसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाना प्रत्येक पत्रकार का कर्तव्य है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह अन्ना ने कहा कि ऐसे सम्मान पत्रकारों को और अधिक जिम्मेदारी के साथ समाज के प्रति कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह अन्ना द्वारा किया गया। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक चेतना के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।









