वाराणसी। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण ठंड, घने कोहरे एवं शीतलहर को देखते हुए प्रशासन ने छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर जनपद के प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों का संचालन 29 दिसंबर 2025 एवं 30 दिसंबर 2025 को पूर्णतः बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य समस्त बोर्डों पर समान रूप से लागू होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अत्यधिक ठंड एवं कोहरे के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को ठंड से होने वाली संभावित बीमारियों से सुरक्षित रखना है। हालांकि, विद्यालयों में विभागीय एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी पूर्व की भांति विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। केवल विद्यार्थियों के लिए ही अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विद्यालय के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे के कारण अभिभावकों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे बच्चों के हित में उठाया गया समय पर एवं सराहनीय कदम बताया है।









