वाराणसी। हरहुआ में कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आशा यस ए-वन फाउंडेशन के तत्वावधान में ग्राम सभा हटिया में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच सैकड़ों ऊनी स्वेटरों का वितरण किया गया। स्वेटर और बिस्कुट पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि अरुण कुमार पाठक द्वारा विधिवत तुलसी पूजन के साथ किया गया। इसके उपरांत फाउंडेशन की ओर से बच्चों को स्वेटर एवं बिस्कुट वितरित किए गए।
इस अवसर पर अरुण कुमार पाठक ने कहा कि आशा यस ए-वन फाउंडेशन की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्चा मानव धर्म है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे कार्यों में आगे आना चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय उर्फ संदीप यादव, पार्षद (वार्ड संख्या–14, गणेशपुर) ने कहा कि भीषण ठंड के इस दौर में जरूरतमंद बच्चों को राहत पहुंचाने का यह कार्य अत्यंत पुण्य और जनहितकारी है। उन्होंने कहा कि उनके वार्ड में इस तरह का यह पहला कार्यक्रम है, जो जरूरतमंदों के लिए सहारा बना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि फाउंडेशन आगे भी इसी प्रकार समाज सेवा के कार्य करता रहेगा।
फाउंडेशन की संस्थापिका आशा यादव ने बताया कि ग्राम सभा हटिया में सैकड़ों बच्चों को ऊनी स्वेटर एवं बिस्कुट का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि आशा यस ए-वन फाउंडेशन गरीबों के कल्याण, अशिक्षा, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न, बाल कल्याण, सामाजिक एवं पर्यावरणीय संकट जैसे विषयों पर निरंतर जागरूकता अभियान चलाता आ रहा है।
कार्यक्रम में फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष सर्वेश यादव, रेखा सिंह, निशा देवी, साक्षी यादव, विशाल सिंह, ओमप्रकाश पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन निशा देवी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रेखा सिंह द्वारा किया गया।









