वाराणसी। बागी मीडिया के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश आचार्य पर शनिवार को जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पुलिस ने FIR दर्ज कर नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 12:30 बजे पत्रकार प्रकाश आचार्य अपने आवास गीता कॉलोनी, हुकूलगंज (चौकाघाट) से न्यूज़ कवरेज के लिए निकल रहे थे। उसी दौरान घर के पास एक युवक खुले में लघुशंका कर रहा था। पत्रकार द्वारा आपत्ति जताने पर युवक कथित रूप से गाली-गलौज पर उतर आया और धमकी देने लगा। पत्रकार द्वारा घटना का वीडियो रिकॉर्ड किए जाने पर आरोपी ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पत्रकार के चेहरे व मुंह पर चोटें आईं, जिससे नाक और मुंह से खून बहने लगा। आरोप है कि हमलावर ने मोबाइल फोन व माइक छीनने की भी कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो गया। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी मोहम्मद मेराज को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद FIR दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। घटना के बाद पत्रकार संगठनों में रोष है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।









