जमानियां। सनशाइन पब्लिक स्कूल में 24 दिसंबर को क्रिसमस डे के उल्लासपूर्ण अवसर पर वीनस हाउस, मार्स हाउस, मर्करी हाउस एवं जुपिटर हाउस के बीच इंटर-हाउस एकल नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व सेंटा क्लॉज के आगमन ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और उन्होंने छात्र-छात्राओं को उपहार वितरित कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इंटर-हाउस एकल नृत्य प्रतियोगिता को तीन वर्गों में आयोजित किया गया, जिसमें प्राइमरी वर्ग की विषयवस्तु फ्रीस्टाइल, जूनियर वर्ग की भारतीय उत्सव तथा सीनियर वर्ग की महान नायक धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि पर आधारित रही। सभी हाउस के प्रतिभागी विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए निर्णायक मंडल ने बताया कि प्राइमरी वर्ग में जुपिटर हाउस की ज़ोया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वीनस हाउस के चैतन्या सिंह द्वितीय एवं मार्स हाउस की राधिका यादव तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग में मर्करी हाउस की पल्लवी ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं वीनस हाउस की सृष्टि यादव को द्वितीय और जुपिटर हाउस की भूमि यादव को तृतीय स्थान मिला। सीनियर वर्ग में जुपिटर हाउस की सौम्या वर्मा एवं वीनस हाउस की सुमेधा सिंह संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि मार्स हाउस की निहारिका प्रजापति ने द्वितीय तथा प्रज्ञा पांडे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष सर्वानंद सिंह, अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, प्रबंधक अमित कुमार सिंह, प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार सिंह तथा प्राथमिक विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती पूजा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। निर्णायक मंडल में श्रीमती पूनम सिंह, श्री मनोज कुमार यादव, सुधीर कुमार राय एवं सत्येंद्र कुमार चौधरी शामिल रहे। अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।









