वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना मिर्जामुराद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना अनुमति वाहन काटने तथा चोरी की गाड़ियों के इंजन रखने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से अलग-अलग वाहनों के कुल 04 अदद कटे हुए इंजन बरामद किए हैं।
पुलिस कार्यालय गोमती ज़ोन से जारी प्रेस नोट के अनुसार, दिनांक 23 दिसंबर 2025 को थाना मिर्जामुराद पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रखौना अंडरपास के पास स्थित एक कबाड़ी दुकान में चोरी की गाड़ियों को काटा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कबाड़ी दुकान के मालिक मोहम्मद अली पुत्र स्वर्गीय अब्दुल अजीज, निवासी ग्राम मेहंदीगंज, थाना मिर्जामुराद, जनपद वाराणसी (उम्र लगभग 40 वर्ष) को हिरासत में लेकर दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दुकान के अंदर छुपाकर रखे गए चोरी की गाड़ियों के 04 कटे हुए इंजन बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह पुरानी गाड़ियों को कटवाकर स्क्रैप में बेचने का कार्य करता है तथा कुछ चोरी की गाड़ियों को काटकर उनके इंजन बेचने के उद्देश्य से दुकान में छुपाकर रखे हुए थे।

पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध मु०अ०सं० 344/25, धारा 317(2)(5) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
बरामदगी का विवरण
टाटा वाहन के इंजन – 02 अदद
ऑटो के इंजन – 01 अदद
अन्य चारपहिया वाहन का इंजन – 01 अदद
पुलिस अब बरामद इंजनों के संबंध में संबंधित थानों से चोरी के मामलों की जानकारी जुटाने के साथ ही आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।









