वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना जैतपुरा पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा बेचने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 115 किलो 750 ग्राम अवैध चाइनीज मांझा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान परवेज अहमद (23 वर्ष) एवं मुमताज अहमद (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त अमरपुर बटलोहिया सरैया, थाना जैतपुरा के निवासी हैं। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सरैया बाजार के पास एक ठेले पर रखी चार सफेद बोरियों में भरे प्रतिबंधित मांझे को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह मांझा चौक स्थित पी.के. एंटरप्राइजेज नामक दुकान से खरीदा था तथा पतंगबाजी के मौसम में इसे बेचकर अवैध मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे।

इस संबंध में थाना जैतपुरा में अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 293, 125 एवं 223 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 15 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया।
गौरतलब है कि कांच की कोटिंग वाला चाइनीज मांझा पर्यावरण एवं मानव जीवन दोनों के लिए अत्यंत घातक माना जाता है। इसकी तेज धार से पक्षियों की मौत, लोगों के घायल होने और बिजली लाइनों को क्षति पहुंचने जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसी कारण भारत सरकार और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित वस्तुओं की खरीद-फरोख्त से दूर रहें तथा सार्वजनिक सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करें।
बताया गया कि यह कार्रवाई उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में की गई। ऑपरेशन का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज एवं थानाध्यक्ष जैतपुरा द्वारा किया गया। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी सत्यदेव गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। अभियुक्तों से पूछताछ जारी है तथा विधिक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।









