वाराणसी। आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आई.क्यू.ए.सी.), महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने ताज होटल में भारतीय उद्योग संघ (IIA) द्वारा आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पर्यटन एक्सपो एवं सेमिनार में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस शैक्षणिक एवं व्यावसायिक आयोजन का उद्देश्य पर्यटन उद्योग से जुड़ी नवीन संभावनाओं, नवाचारों और रोजगार के अवसरों से विद्यार्थियों को परिचित कराना रहा। एक्सपो के प्रथम दिवस काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि पर्यटन क्षेत्र न केवल रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम है, बल्कि स्थानीय संस्कृति, परंपरा और अर्थव्यवस्था को वैश्विक पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस क्षेत्र में कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्टॉल्स और काउंटरों का अवलोकन किया। साथ ही होटल प्रबंधन, ट्रैवल एंड टूरिज्म, इको-टूरिज्म, डिजिटल टूरिज्म एवं स्टार्टअप्स से जुड़े नवीन प्रयोगों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों के लिए यह अनुभव ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ करियर उन्मुख भी सिद्ध हुआ। एक्सपो के दौरान विश्वविद्यालय के डायरेक्टर आउटरीच प्रो. संजय ने नीरज पारिख, राजेश भाटिया, उमेश जोगाई, राजेश जोगाई, होटल व्यवसायी नरेंद्र लखवानी, उद्योगपति राजेश कुमार, आर.के. चौधरी सहित अन्य उद्यमियों से काशी विद्यापीठ के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने हेतु एम.ओ.यू. हस्ताक्षरित करने को लेकर सार्थक वार्ता की। इस शैक्षणिक भ्रमण में आई.क्यू.ए.सी. की निदेशक प्रो. नंदिनी सिंह, प्रो. आनंद शंकर चौधरी, कीर्ति राय, डॉ. कविता, डॉ. चंद्रमणि, डॉ. प्रियंका, डॉ. गणेश, डॉ. संतोष के साथ-साथ विद्यार्थी अभिनव, धीरज, शांभवी एवं अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को उद्योग और शिक्षा के समन्वय का सजीव अनुभव प्रदान किया।









