वाराणसी। श्री विश्वकर्मा सभा वाराणसी की कार्यकारिणी के तत्वावधान में रविवार को चौकाघाट स्थित विश्वकर्मा पंचायती बाग में स्वतंत्रता सेनानी एवं अखिल भारतीय विश्वकर्मा सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे स्वर्गीय छेदी लाल विश्वकर्मा की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।सभा को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र शर्मा ने स्व. छेदी लाल विश्वकर्मा के साथ व्यतीत किए गए स्मरणीय पलों को साझा किया और उनके सामाजिक, राष्ट्रीय तथा संगठनात्मक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्व. छेदी लाल विश्वकर्मा ने जीवन भर समाज के उत्थान, संगठन की मजबूती और राष्ट्रसेवा को अपना लक्ष्य बनाए रखा। सभा के अध्यक्ष अमरनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि स्व. छेदी लाल विश्वकर्मा के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उनके बताए मार्गों पर चलकर ही समाज को संगठित, शिक्षित और सशक्त बनाया जा सकता है।श्रद्धांजलि सभा में मंत्री अनिल शर्मा, कोषाध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा, कन्हैया लाल शर्मा, नित्यानंद विश्वकर्मा, डॉ. सुनील विश्वकर्मा, युगल किशोर, धर्मेंद्र शर्मा, कृष्णकुमार, अनिल विश्वकर्मा, चंद्रकला विश्वकर्मा, जयराम विश्वकर्मा, प्रदीप शर्मा, भरत शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









