
सीईआईआर पोर्टल बना वरदान: सिगरा पुलिस ने 12 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर स्वामियों को किया सुपुर्द
वाराणसी। जनपद में मोबाइल चोरी व गुमशुदगी की बढ़ती शिकायतों के बीच सिगरा पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए तकनीक के माध्यम से बड़ी सफलता हासिल की है। एसीपी चेतगंज ईशान सोनी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सिगरा संजय कुमार मिश्र की पुलिस टीम ने भारत सरकार के सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के जरिए विभिन्न कंपनियों के कुल 12 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग स्थानों से मोबाइल खोने व चोरी होने की शिकायतें प्राप्त होने पर सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल की आईएमईआई के आधार पर तकनीकी ट्रैकिंग की गई। इसके बाद शनिवार को सभी 12 मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सिगरा थाने पर बुलाकर विधिवत सुपुर्द किया गया। मोबाइल वापस पाकर स्वामियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है, तो वह तुरंत अपने नजदीकी थाने में मोबाइल बिल के साथ शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही https://www.ceir.gov.in पोर्टल पर जाकर मोबाइल बिल एवं पुलिस शिकायत की प्रति अपलोड कर शिकायत दर्ज करें। ऐसा करने से यदि गुम हुए मोबाइल में दोबारा कोई सिम डाली जाती है, तो उसकी सूचना सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से सीधे शिकायतकर्ता और संबंधित थाने को प्राप्त हो जाती है, जिससे मोबाइल बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।
मोबाइल बरामदगी की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सिगरा संजय कुमार मिश्र के साथ उपनिरीक्षक भरत भट्ट, कांस्टेबल सदाशिव यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। सिगरा पुलिस की इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।









