वाराणसी। जनपद में चोरी, लूट, पशु व शराब तस्करी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रोहनिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जगतपुर में हुई शस्त्र व कारतूस चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया संजीव शर्मा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह की टीम ने शनिवार को बाणासुर मंदिर गेट के पास से आरोपी शिवकुमार पटेल, निवासी नरउर, थाना रोहनिया को पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी राइफल (.315 बोर) और कारतूस बरामद किए।पुलिस के अनुसार, ग्राम दुमदुमा (फेफना, बलिया) निवासी अखिलेश वर्मा ने 13 दिसंबर को रिपोर्ट दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर से राइफल, बैग, एटीएम, आधार-पैन कार्ड, चेकबुक, मिक्सी मशीन, सबमर्सिबल स्टार्टर और 5,000 रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था।प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया। आरोपी के खिलाफ भा.दं.वि. की धारा 305 ए बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक अमीर बहादुर सिंह (चौकी प्रभारी मोहनसराय), प्रमोद कुमार गुप्ता, कांस्टेबल रामाश्रय यादव, सुधीर सिंह और शीत कुमार वर्मा शामिल रहे।









