वाराणसी। राष्ट्रीय संत ब्रह्मलीन महन्त अवैद्यनाथ को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग को लेकर विश्व हिन्दू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जोरदार ढंग से आवाज उठाई। संगठन के राष्ट्रीय संगठन कार्यकारिणी के आह्वान पर विश्व हिन्दू महासंघ भारत के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपकर भारत सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। ज्ञापन सौंपते हुए जिलाध्यक्ष चन्दन तिवारी ने कहा कि महन्त अवैद्यनाथ गोरखनाथ धाम, गोरखपुर के पूज्यनीय गुरु रहे हैं। उन्होंने अपने सम्पूर्ण जीवन को धर्म, संस्कृति, राष्ट्र सेवा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व न केवल संत समाज बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। ऐसे महान संत को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना देश के गौरव को और बढ़ाएगा।उन्होंने कहा कि महन्त अवैद्यनाथ ने अपने आध्यात्मिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय योगदान से लाखों लोगों के जीवन को दिशा दी। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा प्रदान कर रहे हैं। यही कारण है कि विश्व हिन्दू महासंघ के साथ-साथ काशी के संत समाज की भी सर्वसम्मत भावना है कि महन्त अवैद्यनाथ को देश के सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष चन्दन तिवारी के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष सिंह, मीडिया प्रभारी संतोष सिंह, संतोष सोनकर, चंदन जायसवाल, रवि सिंह, संदीप पाल, अभिषेक राय सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं संघनिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में केंद्र सरकार से महन्त अवैद्यनाथ के योगदान को सम्मानित करने की मांग दोहराई।









