वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई आयोजित की गई। पिछली जनसुनवाई की तुलना में इस बार फरियादियों की संख्या कम रही। जनसुनवाई के दौरान नौ महिलाओं ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
सदस्या द्वारा तीन मामलों में नि:शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपस्थित पैरा लीगल वालंटियर को संबंधित प्रकरण सौंपे गए। मुआवजा से जुड़े एक प्रकरण तथा एक महिला के साथ हुई अश्लील हरकत के मामले में उचित कार्रवाई के लिए अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रिता श्रीवास्तव को निर्देशित किया गया।
संपत्ति विवाद से जुड़े प्रकरण को उप जिलाधिकारी पिंडरा को सौंपा गया। वहीं मानसिक प्रताड़ना और पति के आजीवन कारावास से संबंधित, आजमगढ़ जनपद के एक मामले में पीड़िता की बेटी को परेशान किए जाने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए, सदस्या ने पीड़िता के बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना अथवा स्पॉन्सरशिप योजना से लाभान्वित कराने के निर्देश जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र को दिए। इस पर डीपीओ ने बताया कि दो बच्चों को बाल सेवा योजना का लाभ पहले से मिल रहा है।

जनसुनवाई के दौरान साइबर थाना के माध्यम से महिलाओं को डिजिटल अरेस्ट, टास्क फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन स्कैम, टेलीग्राम टास्क स्कैम, गूगल सर्च स्कैम और व्हाट्सएप हैकिंग जैसे साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। साथ ही ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत करने और ‘साइबर दोस्त’ पेज को फॉलो करने की सलाह दी गई।
इसके अतिरिक्त, महिलाओं व किशोरियों को कौशल विकास मिशन और उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएनआरएलएम) से जोड़कर लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि बेरोजगार महिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। दो महिलाओं को आजीविका परक कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र, एडीसीपी महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक राजन सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी वरुणापार, बाल संरक्षण अधिकारी निरूपमा सिंह, प्रोबेशन लिपिक रशीदा बेगम, सेंटर मैनेजर चोलापुर पूजा सिंह, मनो-सामाजिक परामर्शदाता खुशबू सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट महिला समन्वयक रेखा श्रीवास्तव सहित समाज कल्याण, श्रम, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, महिला थाना, जिला पंचायत राज, कौशल विकास मिशन, यूपीएनआरएलएम तथा विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि किरन टंडन, गौतिमा, मंजू पांडेय, बबीता पटेल आदि उपस्थित रहे।









