राजातालाब/मिर्जामुराद। निर्भया दिवस के अवसर पर मंगलवार को प्रधानमंत्री के सांसद आदर्श ग्राम नागेपुर से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने घरेलू महिला हिंसा, लैंगिक भेदभाव, यौन उत्पीड़न तथा शराब बिक्री के विरोध में
जनआक्रोश साइकिल रैली निकाली। यह रैली आशा ट्रस्ट एवं लोक समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। आराजी लाइन और सेवापुरी ब्लॉक के दर्जनों गांवों से आई सैकड़ों महिलाएं व बालिकाएं नागेपुर स्थित लोक समिति आश्रम पर एकत्र हुईं। यहां से प्रारंभ हुई साइकिल रैली मेहंदीगंज, बीरभानपुर, कचनार, राजातालाब बाजार एवं आराजी लाइन ब्लॉक मुख्यालय होते हुए राजातालाब
तहसील परिसर पहुंची। तहसील गेट पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने बालिकाओं एवं महिलाओं की शिक्षा व सुरक्षा को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए महिलाओं ने “महिला हिंसा बंद करो”, “छेड़खानी पर रोक लगाओ”, “शराब बेचना बंद करो”, “चुप नहीं रहना है, हिंसा नहीं सहना है”, “भेदभाव मिटाएंगे, नया समाज बनाएंगे” जैसे नारे लगाए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की बेटी निर्भया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए महिला हिंसा को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया गया। प्रतिरोध सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ प्रतिदिन छेड़खानी, लैंगिक भेदभाव और यौन हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन्हें रोकने के लिए सरकार और समाज दोनों को कठोर कदम उठाने होंगे। प्रदर्शन के उपरांत राष्ट्रपति के नाम संबोधित 12 सूत्रीय मांग पत्र नायब तहसीलदार को सौंपा गया। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि गांवों और शहरों में लगातार महिलाओं और बालिकाओं के साथ हो रही घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। सरकार को महिला सुरक्षा के लिए सख्त कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि महिला हिंसा के खिलाफ 25 नवंबर से अब तक आराजी लाइन और सेवापुरी ब्लॉक के 80 गांवों में रैली, नुक्कड़ सभा, जुलूस, कैंडल मार्च और थाना भ्रमण के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया है। कार्यक्रम में सोनी, अनीता, मनीषा, आशा, सीमा, मंजिता, मधुबाला, विमला, प्रियंका, प्रेमा, विद्या, आशीष, सिताबुन, श्यामसुंदर, रामबचन, चंद्रकला, बेबी, पुष्पा, राजकुमारी, सुनील, शीला, आशा रानी, शिवकुमार, पंचमुखी, अवनीश, शमा बानो सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, किशोरियां एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रैली का नेतृत्व किशोरी संयोजिका सोनी ने किया, अध्यक्षता अनीता ने की तथा संचालन लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने किया।









