लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा है कि भाजपा देश का एकमात्र ऐसा राजनीतिक संगठन है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी शीर्ष जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा में न वंशवाद है, न परिवारवाद और न ही जातिवाद, बल्कि समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले बयान में पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे कार्यकर्ताओं के सम्मान, अधिकार और विचारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। जरूरत पड़ी तो अड़ेंगे भी और सभी की बात पूरी गंभीरता से सुनेंगे। संगठन को सशक्त बनाने के लिए उन्होंने चार आवश्यक स्तंभों—कार्यालय, कार्यक्रम, कार्यकर्ता और कोष—का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हीं के आधार पर कोई भी संगठन मजबूत होता है। भाजपा इन्हीं स्तंभों के सहारे आगे बढ़ी है और आगे भी बढ़ेगी। पंकज चौधरी ने कहा कि वे प्रदेश अध्यक्ष के रूप में किसी पर शासन करने नहीं, बल्कि अपनी भूमिका निभाने आए हैं। संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय उनके कार्यकाल के मूल मंत्र होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी कार्यकर्ताओं के अनुभवों का पूरा लाभ संगठन को मिलेगा। अंत्योदय की भावना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमीन पर उतारने का कार्य किया है। आज सरकारी योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जो भाजपा सरकारों की सबसे बड़ी उपलब्धि है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि एक समय था जब गोरखपुर का नाम सुनकर लोग पीछे हट जाते थे, लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वहां को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि योगी जी ने उत्तर प्रदेश को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है तथा प्रदेश का व्यापक कायाकल्प किया है। प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान को संगठन में नई ऊर्जा का संचार करने वाला और कार्यकर्ताओं के उत्साह को बढ़ाने वाला बताया जा रहा है।










