
वाराणसी। इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट खुशी सिंह का हुआ भव्य सम्मान मलेशिया में आयोजित इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर देश और काशी का गौरव बढ़ाने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी खुशी सिंह का सम्मान समारोह सामने घाट स्थित बिजुरिया वीर कॉलोनी में आयोजित किया गया। प्राचीन बाल हनुमान मंदिर के महंत सत्यम तिवारी ने अपने आवास पर पहुंचकर खुशी सिंह को सम्मानित किया। महंत सत्यम तिवारी ने कहा कि काशी की यह होनहार बेटी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने खुशी को सुन्दरकांड की पुस्तिका, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर आशीर्वाद दिया तथा उज्जवल भविष्य की कामना की।सम्मान पाकर खुशी सिंह भावुक नजर आईं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता तेज बहादुर सिंह को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन के बिना वह इस मुकाम तक नहीं पहुंच पातीं। सम्मान समारोह में डॉ. आशुतोष मिश्रा, अभिषेक भट्टाचार्या, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमित सोनकर, डॉ. मोहनलाल गुप्ता, नितिन श्रीवास्तव, मनोज कुमार सिंह, सोनाली पटवा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खुशी सिंह के इस सम्मान ने स्थानीय खेल प्रेमियों में भी उत्साह का संचार किया है और क्षेत्रवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।









