जमानियां। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के लिए गुरुवार को विकास खंड कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए खंड विकास अधिकारी अरविंद यादव ने रोजगार सेवकों को बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो, इसके लिए रोजगार सेवक पूरी तत्परता से बीएलओ का सहयोग करें और घर-घर जाकर होने वाले कार्यों में गति लाएँ। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए करीब 15 रोजगार सेवकों को कार्य में लगाया गया है। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया, दिशा-निर्देश और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि ड्राफ्ट सूची में शामिल न होने वाले संभावित मतदाताओं के दस्तावेज सुरक्षित रखे जाएँ और पुनरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की चूक न होने पाए। बैठक में बजाहतुल्ला सिद्दीकी सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।









