वाराणसी। जनपद में अवैध देह व्यापार और संदिग्ध स्पा सेंटरों के संचालन की लगातार मिल रही शिकायतों पर पुलिस आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी थानाध्यक्षों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में मंगलवार को डीसीपी क्राइम सरवणन टी.के. के निर्देशन में गठित एसओजी-2 और सिगरा प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।संयुक्त टीम ने सिगरा थाना क्षेत्र के स्मार्ट बाजार के पास एबी मैरिज लॉन के सामने स्थित मेलोडी स्पा और त्रिनेत्र भवन के पास कन्हैयालाल सर्राफ वाली बिल्डिंग के फ्लैट नंबर-112 पर एक साथ छापेमारी कर अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान मेलोडी स्पा से चार महिलाएं और चार पुरुष ग्राहक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। मौके से ₹23,100 नकद और बड़ी संख्या में यूज्ड/अनयूज़्ड कंडोम बरामद किए गए। त्रिनेत्र भवन स्थित फ्लैट नंबर-112 में पांच महिलाएं अनैतिक कार्यों में शामिल पाई गईं। यहां से भी भारी मात्रा में यूज्ड/अनयूज़्ड कंडोम बरामद हुए। पुलिस ने फ्लैट को तत्काल सीज कर दिया। प्रारंभिक पूछताछ में स्पा संचालन से जुड़े व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट होने पर दोनों स्थानों के संचालकों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा, और फोरेंसिक साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है, ताकि न्यायालय में पुख्ता साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के होटल और स्पा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। सूत्रों के अनुसार, कई और स्थानों पर छानबीन की तैयारी है।









