वाराणसी। शुक्रवार को जुम्मा की नमाज़ के मद्देनजर शहर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस ने विशेष रूट मार्च किया। इस दौरान दशाश्वमेध एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने खुद मोर्चा संभाला और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।रूट मार्च काशी विश्वनाथ धाम परिसर से शुरू होकर चौक, दालमंडी, नई सड़क, गिरजाघर चौराहा, बेनिया बाग, गोदौलिया और बास फाटक सहित कई महत्वपूर्ण मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने दालमंडी मार्केट में चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।अभियान में आरएएफ के जवानों सहित चौक व दशाश्वमेध थाने की पुलिस टीम भी शामिल रही। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं और नमाज़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।पुलिस प्रशासन का यह रूट मार्च शहर में सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए एहतियाती कदम के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों की सक्रियता और गश्त ने लोगों में भरोसा जगाया कि वाराणसी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।










