वाराणसी। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) चेतगंज ईशान सोनी ने गुरुवार को जैतपुरा थाने का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान जैतपुरा पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।निरीक्षण के दौरान एसीपी ने थाना परिसर में अभिलेख, शस्त्रागार, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई रजिस्टर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की। उन्होंने मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई करने, फीडबैक रजिस्टर में आवश्यक विवरण दर्ज करने और थाना स्तर पर गठित साइबर सेल में शिफ्टवार ड्यूटी तय करने के निर्देश दिए। साथ ही एनसीसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित विधिक निस्तारण, पीड़ितों को धोखाधड़ी में गंवाए पैसे वापस कराने तथा संदिग्ध मामलों में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।एसीपी ने क्षेत्र में साइबर जागरूकता अभियान को निरंतर जारी रखने तथा समन्वय और प्रतिबिंब पोर्टल का नियमित उपयोग करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई और अभिलेख अद्यावधिक मिले। उन्होंने कर्मचारियों को बीट पुस्तिका को अद्यतित रखने और स्थानीय बीट संबंधी संपूर्ण जानकारी बनाए रखने के निर्देश दिए।महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा करते हुए एसीपी ने महिलाओं से संबंधित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, साफ-सफाई और आमजन के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने की नसीहत दी।इसके अलावा थानाध्यक्ष को कानून व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखने, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और सार्वजनिक शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्य करने के आदेश दिए गए। थाने में खड़े लावारिस, सीज व मुकदमाती वाहनों की नियमानुसार नीलामी कराने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के उपरांत एसीपी ईशान सोनी ने थाना स्टाफ से संवाद स्थापित किया, उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर थानाध्यक्ष के साथ सर्किल के सभी एसआई व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।










