वाराणसी। दाल मंडी प्रकरण को लेकर सियासी सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सपा सांसद वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिला कारागार पहुँचा, जहाँ उन्होंने प्रकरण में निरुद्ध सपा नेता इमरान अहमद बबलू से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने एक स्वर में कहा कि इस मामले में समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से इमरान के साथ खड़ी है। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि “जुल्म और अत्याचार के खिलाफ समाजवादी पार्टी हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर लड़ती रही है। दाल मंडी प्रकरण में भी पार्टी अपने नेता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पुलिस ने चौक थाने बुलाकर बातचीत कर छोड़ने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में रात में जेल भेजते हुए पहले धारा 151 में कार्रवाई की और फिर गंभीर धाराएँ 467, 468, 471 जोड़कर इमरान अहमद बबलू को निरुद्ध कर दिया गया। सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें जल्द ही रिहा कराया जाएगा।जिला कारागार में इमरान अहमद बबलू से मिलने वाले प्रमुख नेताओं में—सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी, जिला अध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, दक्षिणी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी किशन दीक्षित, समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, हारुन अंसारी, प्रदेश सचिव अजय चौरसिया, सत्यनारायण यादव सहित अन्य नेता शामिल रहे।









