वाराणसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रशासन भवन स्थित स्वागती हॉल में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद प्रमुख विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर लौह पुरुष को श्रद्धांजलि दी।
शपथ ग्रहण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया। साथ ही नागरिकों के बीच आपसी सद्भाव, भाईचारा और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उनके जीवन को राष्ट्रीय एकता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत बताया गया। देशी रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका ने भारत को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उनके आदर्श आज भी राष्ट्र की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित कर्मचारी परिषद के सदस्य नवीन कुमार सिन्हा, श्रीकांत यादव, अमित कुमार, सुशील कुमार सिंह और मनीष कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











