Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » योगी और रेलमंत्री के दौरे पर काशी में यातायात का महाडायवर्जन, 20 मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

योगी और रेलमंत्री के दौरे पर काशी में यातायात का महाडायवर्जन, 20 मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

Share this post:

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री के 31 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वीवीआईपी के आगमन से तीन घंटे पूर्व ही प्रतिबंध और डायवर्जन लागू हो जाएंगे, जो कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेंगे। इस दौरान ऑटो, ई-रिक्शा, बसों और भारी वाहनों के आवागमन पर विशेष प्रतिबंध रहेगा।

यातायात पुलिस के अनुसार कचहरी से पुलिस लाइन होते हुए चौकाघाट तक तथा लकड़ीमंडी, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन और विश्वेश्वरगंज मार्ग पर ऑटो व ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार क्षेत्र में भी ऑटो व ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे। कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू जाने वाले ऑटो को लहरतारा और भिखारीपुर के बजाय सिगरा-रथयात्रा मार्ग से भेजा जाएगा। राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से मालवाहक वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।

बाबतपुर क्षेत्र में भारी वाहनों को बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहे से एयरपोर्ट और हरहुआ की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें बड़ागांव की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। हरहुआ ओवरब्रिज से बाबतपुर की ओर आने वाली रोडवेज और निजी बसें भी निर्धारित मार्ग से आगे नहीं जा सकेंगी। जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहे तक आएंगी। यहां से परमपुर, लोहता और चांदपुर चौराहे की ओर भेजा जाएगा। प्रयागराज और मिर्जापुर से आने वाली बसें मुड़ैला तिराहे तक ही पहुंचेंगी और वहीं से वापस कर दी जाएंगी। अखरी अंडरपास की ओर से आने वाली बसों को तिखरापुर तिराहे के बजाय मोहनसराय और डाफी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

शहर के दक्षिणी हिस्से में भी कई मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नरिया तिराहे से भिखारीपुर की ओर जाने वाले वाहनों को करौंदी और चितईपुर की तरफ भेजा जाएगा। भिखारीपुर तिराहे से मंडुवाडीह चौराहे की ओर जाने वाले वाहन सुंदरपुर-चांदपुर मार्ग से गुजरेंगे। लहरतारा चौराहे से मंडुवाडीह और कैंट स्टेशन की ओर जाने वाले वाहनों को इंग्लिशियालाइन की तरफ मोड़ा जाएगा। रथयात्रा चौराहे से महमूरगंज तथा आकाशवाणी तिराहे से महमूरगंज की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को सिगरा की तरफ भेजा जाएगा।

इसी तरह महमूरगंज ओवरब्रिज से मंडुवाडीह की ओर जाने वाले वाहन महमूरगंज तिराहे की तरफ डायवर्ट होंगे। महमूरगंज तिराहे से रथयात्रा स्कूल और लहरतारा की ओर जाने वाले वाहनों को आकाशवाणी अथवा ककरमत्ता ओवरब्रिज की तरफ भेजा जाएगा। अमर उजाला तिराहे से लहुराबीर और मैदागिन जाने वाले चार पहिया वाहन, टेम्पो ट्रैवलर और रोडवेज बसें लकड़ीमंडी होते हुए गोगड्डा की ओर जाएंगी।

पुराने शहर में मैदागिन से गोदौलिया के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। विश्वेश्वरगंज तिराहे से चार पहिया वाहनों को मैदागिन की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें गोगड्डा मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए घर से निकलने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी अवश्य कर लें। अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। जरूरी काम से निकलने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर चलें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल