वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर में बुधवार को ललित कला विभाग की ओर से तीन दिवसीय ‘रंगारंग-2026’ कला मेला एवं सांस्कृतिक उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कला, संस्कृति और रचनात्मकता के संगम वाले इस आयोजन में विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा देखने को मिली। राष्ट्रीय चित्र प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की लगभग 350 कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं, जबकि कला एवं शिल्प के स्टॉल दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
उद्घाटन समारोह में राज्य ललित कला अकादमी, लखनऊ के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के महिला महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह कुशवाहा तथा सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल के कला शिक्षक दिनेश कुमार यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का शुभारंभ किया। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने की। इस अवसर पर परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने राष्ट्रीय चित्र प्रदर्शनी और कला मेले का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई लगभग 350 कलाकृतियों के माध्यम से उनकी सृजनशीलता, कलात्मक सोच और विविध कला शैलियों की झलक देखने को मिली। कलाकृतियों ने अतिथियों और कला प्रेमियों को प्रभावित किया।
मेले में विभिन्न महाविद्यालयों एवं संस्थानों के स्टॉल, हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री तथा कला एवं शिल्प से जुड़ी प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ स्थानीय कला, हस्तशिल्प और रचनात्मक उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी बना।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान हृदयम बैंड के छात्र-छात्राओं ने संगीतमय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर परिसर में मौजूद विद्यार्थियों, शिक्षकों और कला प्रेमियों ने उत्साह दिखाया। पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
आयोजन को सफल बनाने में परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह, संयोजक डॉ. सुमित कुमार घोष, सह-संयोजक गौरव दुबे, आयोजन सचिव डॉ. शशिकांत नाग तथा परामर्शदाता डॉ. अर्चना पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ललित कला विभाग में सहायक आचार्य हैं। मंच संचालन डॉ. अविनाश कुमार सिंह और सुश्री प्रकंक्षा तिवारी ने किया।
आयोजकों के अनुसार, ‘रंगारंग-2026’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराना, कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करना और विभिन्न कला विधाओं के माध्यम से रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देना है। तीन दिवसीय उत्सव के आगामी दिनों में भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम और कलात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।










