Follow us on

Home » ब रे का » ईमानदारी और पारदर्शिता से ही समृद्धि का मार्ग प्रशस्त: आशुतोष पंत

ईमानदारी और पारदर्शिता से ही समृद्धि का मार्ग प्रशस्त: आशुतोष पंत

Share this post:

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत बुधवार को प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. मुकुल राज मेहता ने सत्यनिष्ठा, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुशासन के साथ संस्थागत विकास की भी मजबूत नींव हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्देश्यों, इसकी प्रासंगिकता और जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए दैनिक जीवन और कार्यव्यवहार में सत्यनिष्ठा अपनाने पर जोर दिया। साथ ही अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं, प्रतिज्ञा और जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

प्रो. मुकुल राज मेहता ने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल व्यक्तिगत गुण नहीं, बल्कि व्यक्ति, संस्था और समाज के चरित्र का आधार है। ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता से आपसी विश्वास मजबूत होता है तथा संस्थागत कार्यप्रणाली में विश्वसनीयता और जवाबदेही बढ़ती है। उन्होंने कहा कि किसी लक्ष्य को प्राप्त करने के साथ उसे हासिल करने के लिए अपनाए गए साधनों की पवित्रता भी जरूरी है। मन, वचन और कर्म में नैतिकता का समावेश ही वास्तविक सत्यनिष्ठा है।

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और मीडिया जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नैतिक मूल्यों की अनिवार्यता पर जोर देते हुए कहा कि प्रतिभा के साथ नैतिकता का समन्वय ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है। परिवार को संस्कारों का प्रमुख केंद्र बताते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों में ईमानदारी और नैतिकता के बीज बचपन से ही रोपे जाने चाहिए। बदलाव की शुरुआत स्वयं से करने और अपने आचरण का निरंतर आत्ममूल्यांकन करने की जरूरत है। उन्होंने ईमानदारी को कमजोरी नहीं, बल्कि चरित्र की सबसे बड़ी ताकत बताया।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ केवल नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी के जीवन और कार्यप्रणाली में अपनाया जाने वाला संकल्प है। किसी भी संस्थान की प्रतिष्ठा और सफलता उसके कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिक आचरण पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों का पालन केवल नियमों तक सीमित न रहे, बल्कि कार्यसंस्कृति का स्वाभाविक हिस्सा बने। कार्यक्षमता और कौशल में निरंतर सुधार के साथ ईमानदारी को व्यवहार में उतारना आवश्यक है।

सेमिनार के दौरान सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। बरेका की सांस्कृतिक टीम ने मुकेश दुबे के निर्देशन में नाटक प्रस्तुत कर ईमानदारी, नैतिक जिम्मेदारी और सतर्कता का संदेश दिया। प्रस्तुति के माध्यम से भ्रष्टाचार-मुक्त संस्थान और समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका को प्रभावी ढंग से रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने प्रो. मुकुल राज मेहता को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, उप महाप्रबंधक सागर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव तथा सदस्य नवीन कुमार सिन्हा, संतोष कुमार यादव और सुशील कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सहभागिता की।

सेमिनार के माध्यम से बरेका में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही को कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाने तथा भ्रष्टाचार-मुक्त वातावरण विकसित करने का संदेश दिया गया।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल