बबुरी, चंदौली। कस्बे के उत्तर महाल मोहल्ले में शुक्रवार की देर शाम एक सांड ने 60 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सांड ने बुजुर्ग को कई बार उठाकर जमीन पर पटका। इस दौरान उसकी सींग बुजुर्ग की आंख में लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह सांड को भगाकर बुजुर्ग की जान बचाई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय चंदौली भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी काशी केशरी (60) शुक्रवार की देर शाम अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां एक सांड पहुंच गया। काशी केशरी उसे डंडे से भगाने लगे, तभी सांड अचानक आक्रामक हो गया और उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें कई बार उठाकर पटक दिया। इस दौरान उसकी सींग आंख में लगने से उन्हें गंभीर चोट आई। खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरने के बाद भी सांड उन पर हमला करता रहा। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह सांड को वहां से भगाया। इसके बाद घायल को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
लोगों के मुताबिक उक्त सांड इससे पहले भी राह चलते कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। सांड के आतंक से कस्बेवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों को आशंका रहती है कि कहीं रास्ते में अचानक सांड हमला न कर दे। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थानीय लोग कई बार ग्राम प्रधान से उक्त सांड को पकड़कर गौशाला में रखवाने की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। शुक्रवार को बुजुर्ग पर हुए हमले के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है। कस्बेवासियों ने ग्राम प्रधान से एक बार फिर मांग की है कि सांड को जल्द से जल्द पकड़वाकर गौशाला में रखवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके
संवाददाता ~ विनीत तिवारी










