वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शुक्रवार को ‘सार्वजनिक सेवा में सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग’ विषय पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कर्मचारियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित, सतर्क और विवेकपूर्ण उपयोग की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान सोशल मीडिया पर आधिकारिक सूचनाएं साझा करते समय गोपनीयता, निष्पक्षता और व्यावसायिक मर्यादा बनाए रखने पर जोर दिया गया। राजेश कुमार ने रेलवे बोर्ड के पीआर मैनुअल-2007 के अध्याय-4 में मीडिया के साथ बैठक एवं संवाद तथा सोशल मीडिया से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर साझा की गई सूचना, टिप्पणी और विचारों का प्रभाव कर्मचारी की व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक छवि के साथ संस्थान की प्रतिष्ठा पर भी पड़ता है।
उन्होंने कर्मचारियों को अपुष्ट सूचनाएं साझा करने से बचने, आधिकारिक जानकारी के प्रसार में सावधानी बरतने और डिजिटल मंचों पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के प्रति जागरूक किया। साथ ही, सार्वजनिक संवाद के दौरान निर्धारित नियमों और आधिकारिक मर्यादाओं का पालन करने की आवश्यकता बताई। प्रशिक्षण सत्र में कर्मचारियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका राजेश कुमार ने उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में सोशल मीडिया के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण विकसित करना, आधिकारिक गरिमा बनाए रखना और बरेका की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ करना था। प्रशिक्षण सत्र में बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।











