वाराणसी। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर रविवार को मर्यादा फाउंडेशन की ओर से जलाली पट्टी, बरेका स्थित चौरा माता मंदिर परिसर में 51 कुंवारी कन्याओं का पूजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस दौरान कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन-अर्चन किया गया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
संस्था की संस्थापिका एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अंशू पांडेय ‘अपराजिता’ ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 51 कन्याओं के पैर पखारकर, उन्हें आलता लगाकर और चुनरी ओढ़ाकर श्रृंगार किया गया। इसके बाद हलवा-पूड़ी का भोग अर्पित कर नारियल, कॉपी, पेन, बिस्किट, केला, फ्रूटी सहित विभिन्न उपहार भेंट किए गए। कन्याओं की आरती उतारकर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
कार्यक्रम की संचालिका वंदना शर्मा ने कहा कि मर्यादा फाउंडेशन गरीबों एवं असहायों की सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाजसेवा के लिए निरंतर संकल्पित है। संस्था सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से दुर्गा चालीसा का पाठ किया और माता रानी की आरती उतारी।
इस अवसर पर अंशू पांडेय ‘अपराजिता’, अनुपमा श्रीवास्तव, वंदना शर्मा, निर्मला श्रीवास्तव, अनुराधा यादव, वर्षा द्विवेदी, ऋचा शर्मा, भावना मिश्रा, नैना उपाध्याय, अंशिका श्रीवास्तव, अंजू पाठक, हेमा पांडेय सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।










