वाराणसी। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए श्री विश्वनाथ अक्षय सेवा फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को दुर्गाकुंड स्थित राजकीय वृद्धाश्रम में जरूरतमंद बच्चों और वृद्ध माताओं के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से संस्था ने जरूरतमंदों की सेवा और सहयोग का संदेश दिया।
संस्था के निदेशक मनोज कुमार सिंह एवं रिम्पी सिंह ने बताया कि बच्चों को सूखा दूध, डायपर, सेरेलेक और सूजी वितरित की गई। वहीं, वृद्ध माताओं को नमकीन, बिस्कुट, ब्रेड, टोस्ट, चीनी और चायपत्ती सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य गरीब, असहाय और कमजोर वर्ग के लोगों की मदद करना है। श्री विश्वनाथ अक्षय सेवा फाउंडेशन जनहित के कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा और सहयोग के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था का संकल्प है कि समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों तक यथासंभव सहायता पहुंचाई जाए। कार्यक्रम में रिम्पी सिंह, रागिनी सिंह, दीपक सोनकर, प्रीति सोनकर, वर्षिका सिंह, हितेश सोनकर, अमीषा सोनकर, संजय सोनकर सहित संस्था के अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।











