Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » ऑनलाइन भुगतान का झांसा देकर दुकानदारों को चूना, वाराणसी से औराई तक शातिर की तलाश

ऑनलाइन भुगतान का झांसा देकर दुकानदारों को चूना, वाराणसी से औराई तक शातिर की तलाश

Share this post:

वाराणसी/औराई। ऑनलाइन भुगतान करने का झांसा देकर दुकानदारों से सामान लेकर बिना रुपये दिए फरार होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने वाराणसी के अलग-अलग बाजारों से लेकर भदोही जिले के औराई बाजार तक कई दुकानदारों को निशाना बनाया। हर जगह उसका तरीका लगभग एक जैसा रहा। वह सामान खरीदने के बाद ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहता और मोबाइल में बैलेंस नहीं होने का बहाना बनाकर रुपये मंगाने की बात करता। इसी बीच दुकानदार के व्यस्त होने या बाजार में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर सामान लेकर निकल जाता था। मामले में वाराणसी और औराई में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, नौ अक्टूबर को उक्त व्यक्ति वाराणसी स्थित केसरवानी ब्रदर्स की दुकान पर पहुंचा और करीब सात हजार रुपये का सामान लिया। भुगतान के लिए ऑनलाइन माध्यम अपनाने की बात कहते हुए उसने दुकानदार से कहा कि मोबाइल में बैलेंस नहीं है और वह रुपये मंगाकर तत्काल भुगतान कर देगा। इसी दौरान दुकानदार ग्राहकों को सामान देने में व्यस्त हो गया। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर वह सामान लेकर फरार हो गया।

इसके बाद वह वाराणसी के गोला दीनानाथ मंडी पहुंचा। वहां एक दुकान से चार किलो इलायची खरीदी। इस बार भी उसने ऑनलाइन भुगतान का भरोसा दिया और रुपये मंगाने की बात कही। आरोप है कि दुकानदार के व्यस्त होने तथा बाजार की भीड़ का लाभ उठाकर वह बिना भुगतान किए वहां से भी निकल गया।

बताया जाता है कि इसके बाद उक्त व्यक्ति मंडुवाडीह स्थित एक अन्य दुकान पर पहुंचा, जहां करीब 20 हजार रुपये का सामान लिया। दुकान संचालक की पहचान पन्ना साहब के रूप में बताई गई है। आरोप है कि यहां भी उसने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही और इसी बहाने सामान लेकर फरार हो गया।

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वाराणसी में कथित तौर पर कई दुकानों को निशाना बनाने के बाद वह औराई बाजार पहुंच गया। वहां केसरी इंटरप्राइजेज के मालिक ओम केसरी की दुकान से 10 किलो देसी घी लिया। आरोप है कि यहां भी उसने ऑनलाइन भुगतान का आश्वासन दिया, लेकिन मौका मिलते ही बिना रुपये दिए फरार हो गया।

लगातार अलग-अलग दुकानों पर एक जैसे तरीके से सामान लेकर फरार होने की घटनाओं से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। दुकानदारों को आशंका है कि ऑनलाइन भुगतान का भरोसा दिलाकर ठगी करने वाला व्यक्ति बाजारों में घूमकर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहा है।

इस संबंध में वाराणसी और औराई में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की जानकारी है। अब मामले में संबंधित पुलिस की कार्रवाई और आरोपित की पहचान एवं गिरफ्तारी को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है। व्यापारियों के लिए भी यह घटना सतर्क रहने का संकेत है कि ऑनलाइन भुगतान की पुष्टि अपने खाते में रकम प्राप्त होने के बाद ही करें और केवल भुगतान किए जाने के मौखिक आश्वासन पर सामान न सौंपें।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल