वाराणसी। मुख्यमंत्री के 14 एवं 15 अक्टूबर को प्रस्तावित आगमन, भ्रमण और प्रवास के मद्देनजर कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत 14 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। आमजन से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
पुलिस लाइन से चौकाघाट, तेलियाबाग, मलदहिया होते हुए सिगरा तक तथा लकड़ीमंडी, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन और विशेश्वरगंज मार्ग पर ऑटो व ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार तिराहे तक भी ऑटो-ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।
कैंट रेलवे स्टेशन से रथयात्रा और बीएचयू जाने वाले ऑटो-ई-रिक्शा लहरतारा एवं मंडुवाडीह मार्ग से संचालित होंगे। साजन तिराहे से आने वाले वाहनों को आकाशवाणी तिराहे से महमूरगंज की ओर भेजा जाएगा, जबकि मंडुवाडीह से महमूरगंज जाने वाले वाहन ककरमत्ता-भिखारीपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।

सूजाबाद (पड़ाव) से अंधरापुल की ओर ऑटो-ई-रिक्शा का संचालन वीवीआईपी कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा। मैदागिन से गोदौलिया के बीच वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक मालवाहक वाहनों के संचालन पर भी रोक रहेगी।
विशेश्वरगंज तिराहे से वीवीआईपी आगमन के तीन घंटे पूर्व ही चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने से रोका जाएगा। इन वाहनों को गोलगड्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
आवश्यकता पड़ने पर बीएचयू, हरहुआ ओवरब्रिज और बाबतपुर की ओर से आने वाली रोजमर्रा की बसों तथा निजी बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे से परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसों को अंडरपास चौराहे तक आने दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें परमपुर-लोहता-चांदपुर मार्ग से वापस भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मार्गों की स्थिति का ध्यान रखें, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।










