वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय चांदपुर, चिरईगांव में बालिकाओं को नारी शक्ति, आत्मसम्मान, साहस और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा चार एवं पांच की छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में छात्राओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों और उनकी शक्तियों से परिचित कराया गया। उन्हें साहस, धैर्य, आत्मविश्वास तथा अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा दी गई। साथ ही बताया गया कि प्रत्येक बेटी के भीतर अपार शक्ति और क्षमता है, जिसके बल पर वह हर चुनौती का सामना कर सकती है।
इस अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि छात्राएं आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में निर्भीकता विकसित करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग बनाना रहा।

इस प्रेरक पहल में शिक्षिका कल्पना तिवारी की विशेष भूमिका रही। प्रधानाध्यापिका आभा तिवारी तथा सहायक अध्यापिकाओं कल्पना तिवारी, शिल्पी साहू, सीमा द्विवेदी एवं अमृता के सहयोग से छात्राओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में सजाया गया।










