वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं छात्र कल्याण संकाय प्रमुख प्रो. शैलेश कुमार मिश्र को जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया की कार्यपरिषद में सदस्य (सामान्य) नामित किया गया है। उनका नामांकन उत्तर प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर एम. बोबडे द्वारा छह अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से किया गया।
उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 20 की उपधारा (1)(जी) के तहत किया गया यह नामांकन पत्र जारी होने की तिथि से दो वर्ष अथवा अग्रिम आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शैक्षणिक अनुभव और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे प्रो. मिश्र का इस महत्वपूर्ण पद पर चयन शैक्षणिक जगत में उनकी सक्रिय भूमिका को रेखांकित करता है।
प्रो. मिश्र के नामांकन पर सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा सहित विश्वविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल, प्रो. सुधाकर मिश्र, प्रो. राजनाथ, प्रो. महेन्द्र पाण्डेय, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, प्रो. अमित कुमार शुक्ल और जनसम्पर्क अधिकारी शशीन्द्र मिश्र ने उन्हें बधाई देते हुए सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।











