Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » चंदौली » राष्ट्रीय युवा संसद में DALIMSS सनबीम चकिया का जलवा, मिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पुरस्कार

राष्ट्रीय युवा संसद में DALIMSS सनबीम चकिया का जलवा, मिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पुरस्कार

Share this post:

 

चकिया (चंदौली)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की वाद-विवाद संस्था ‘रेटोरिका’ (Rhetorica – The Debating Society) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद 5.0 में DALIMSS सनबीम चकिया के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘बेस्ट परफॉर्मेंस अवार्ड’ हासिल किया। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ ही चकिया और चंदौली जिले का गौरव बढ़ा है। प्रतियोगिता में देशभर के करीब 500 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिसमें विद्यालय के प्रतिभागियों ने अपनी वक्तृत्व कला, तार्किक क्षमता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से विशेष पहचान बनाई।

विद्यालय के प्रबंधक डॉ. विवेक प्रताप सिंह के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय युवा संसद के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित विभिन्न प्रमुख व्यक्तित्वों की भूमिकाओं का प्रभावशाली निर्वहन किया। समसामयिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार और तर्क प्रस्तुत कर उन्होंने नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा विषयों की समझ का परिचय दिया।

डॉ. विवेक प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि पर सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में अपार संभावनाएं हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और उचित मार्गदर्शन से वे भविष्य में भी बड़े मंचों पर सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इस उपलब्धि से प्रेरणा लेकर आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए विद्यालय की ओर से विशेष आयोजन भी किया गया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर चकिया के उपजिलाधिकारी विकास मित्तल ने विद्यालय पहुंचकर सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रीय युवा संसद में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों में अनंता श्रीवास्तव, सृजन गुप्ता, परी मौर्या, तानिष्क पाठक, सृष्टि कुशवाहा, श्वेता मौर्या, कीथ सिंह, आर्या पटेल, आंचल पाण्डेय, शीतल प्रसाद, अंजल बापू भालेराव, नैना राय, कैरिस्मा चौरसिया, सुंदरम जायसवाल, वर्णिका गुप्ता, श्रावण तेजस्वी पाल, प्रशान्त तिवारी, वैभव मौर्या, विवान वर्मा एवं अंजल मौर्या शामिल रहे। विद्यार्थियों को तैयार करने और मार्गदर्शन देने में श्री सुकान्तो, श्री पवन एवं सुश्री निधि का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

विद्यालय के विद्यार्थी शैक्षणिक एवं बौद्धिक गतिविधियों के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में विद्यालय के छात्र शशांक मोदीनवाल ने रजत पदक हासिल किया। अब वह गुरुग्राम में आयोजित राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए रवाना हुए हैं।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, संवाद-कौशल और खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा संसद में मिला पुरस्कार इसी प्रयास और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।

 

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल