वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। शिल्प, निर्माण एवं सृजन के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा की आराधना के अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने प्रमुख विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न शॉपों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा बरेका परिवार को शुभकामनाएं दीं।
विश्वकर्मा पूजन को लेकर बरेका कर्मशाला में सुबह से ही उत्सवी माहौल रहा। कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों की साफ-सफाई के साथ पूजा स्थलों को फूल-पत्तियों, रंग-बिरंगी झंडियों और विद्युत सज्जा से आकर्षक रूप से सजाया। विभिन्न शॉपों में बनाए गए पूजा पंडालों में कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष विधिवत पूजन कर सुख-समृद्धि और बरेका की निरंतर प्रगति की कामना की।
पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ अभिकल्प विभाग से हुआ। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में भगवान विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कर्मशाला के विभिन्न शॉपों का भ्रमण कर पूजा-अर्चना की और कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान न्यू ब्लॉक शॉप, सीटीएस शॉप, टूल रूम, इंजन डिवीजन, लोको फ्रेम शॉप, पाईप शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रैक्शन असेंबली शॉप, ट्रैक मशीन शॉप, लोको टेस्ट शॉप और डिपो सहित विभिन्न कार्यस्थलों पर विश्वकर्मा पूजन हुआ।

महाप्रबंधक ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की आराधना हमें कौशल, गुणवत्ता, नवाचार, परिश्रम और सृजनशीलता के प्रति निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि बरेका की पहचान उसकी तकनीकी क्षमता, कर्मठ मानव संसाधन और निरंतर नवाचार से बनी है। विश्वकर्मा पूजन के माध्यम से प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्य में गुणवत्ता, दक्षता और पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने बरेका परिवार की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
बरेका में विश्वकर्मा पूजन केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह संस्थान की औद्योगिक परंपरा, तकनीकी दक्षता और कार्य-संस्कृति से भी जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर रहा। कर्मशाला में सजे पूजा पंडालों और कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।
समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी मुख्यालय अजय श्रीवास्तव, मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको अरविन्द कुमार जैन, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-विद्युत अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-डीजल प्रवीण कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-प्रोजेक्ट कौशलेश सिंह, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/सर्विस इंजीनियर विपुल सिंह, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको सुदीप रावत और जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संयुक्त सचिव, कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव, कर्मचारी परिषद के अन्य सदस्य, बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं उनके परिजन भी शामिल हुए। सभी ने भगवान विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन कर बरेका परिवार के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और निरंतर प्रगति की कामना की। दिनभर कर्मशाला परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।










