Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » 17 सितंबर को काशी में वीवीआईपी मूवमेंट, सड़कों पर ट्रैफिक का महाजाम प्लान—कई मार्गों पर ऑटो-ई-रिक्शा बंद, भारी वाहनों पर भी रोक

17 सितंबर को काशी में वीवीआईपी मूवमेंट, सड़कों पर ट्रैफिक का महाजाम प्लान—कई मार्गों पर ऑटो-ई-रिक्शा बंद, भारी वाहनों पर भी रोक

Share this post:

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 17 सितंबर को वाराणसी आगमन, भ्रमण एवं प्रस्थान को लेकर यातायात पुलिस ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। कई प्रमुख रूटों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा, जबकि वीवीआईपी आवागमन के समय चार पहिया वाहनों और बसों को भी वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक पुलिस लाइन से चौकाघाट, तेलियाबाग तिराहा, मरीमाई, मदनपुरा, साजन और सिगरा से रथयात्रा तक ऑटो-ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा। महमूरगंज से आकाशवाणी होते हुए सिगरा, तेलियाबाग से लहुराबीर, मैदागिन और विश्वेश्वरगंज तथा इंग्लिशिया लाइन से साजन एवं फूलमंडी से मदनपुरा की ओर भी ऑटो-ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज, लहुराबीर, कचहरी चौराहा और पुलिस लाइन चौराहा की ओर जाने वाले ऑटो-ई-रिक्शा भी निर्धारित अवधि में प्रतिबंधित रहेंगे।

कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू के बीच सिगरा और रथयात्रा होकर चलने वाले ऑटो भी प्रभावित होंगे। इन वाहनों को लहरतारा-भिखारीपुर मार्ग से संचालित किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य वीवीआईपी काफिले के दौरान यातायात को सुचारु रखना और प्रमुख मार्गों पर भीड़ का दबाव कम करना है।

चार पहिया वाहनों और बसों के लिए भी कई महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात परिवर्तन किया गया है। अमर उजाला तिराहा से लहुराबीर और मैदागिन की ओर चार पहिया वाहन, टेम्पो ट्रैवलर एवं बसें नहीं जा सकेंगी। वीवीआईपी आगमन के समय इन वाहनों को लकड़ीमंडी-गोलगड्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मैदागिन से गोदौलिया के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं राजघाट पुल और सूजाबाद की ओर से आने-जाने वाले मालवाहक वाहनों पर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक रोक रहेगी।

वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान विश्वेश्वरगंज तिराहा से मैदागिन की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को करीब दो घंटे पहले ही रोक दिया जाएगा और उन्हें गोलगड्डा की ओर भेजा जाएगा। इंग्लिशिया लाइन से सिगरा-रथयात्रा जाने वाले वाहनों को लहरतारा-मंडुवाडीह की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह सिगरा और रथयात्रा से साजन की ओर आने वाले वाहनों को आकाशवाणी-महमूरगंज मार्ग से निकाला जाएगा।

नगर निगम तिराहा और माधोपुर चौराहा से रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, सिगरा की ओर भी वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। मंडुवाडीह से महमूरगंज की ओर आने वाले वाहनों को किरहिया-भिखारीपुर तिराहा की तरफ भेजा जाएगा।

एयरपोर्ट रूट पर भी यातायात व्यवस्था कड़ी रहेगी। दोपहर एक बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहा से एयरपोर्ट की ओर भारी और हल्के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इन वाहनों को बड़ागांव की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हरहुआ ओवरब्रिज पर रोडवेज और निजी बसों को ऊपर जाने की अनुमति नहीं होगी तथा उन्हें परमपुर की ओर भेजा जाएगा।

जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहा तक ही पहुंच सकेंगी। यहां से बसों को परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 17 सितंबर को वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर घर से निकलने से पहले मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखें और यथासंभव वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें। अति आवश्यक यात्रा होने पर अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि डायवर्जन के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सके।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x