वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस-बीएचयू) के मार्केटिंग एवं सप्लाई चेन मैनेजमेंट के प्रोफेसर आशुतोष मोहन को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किए जाने पर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से भव्य अभिनंदन किया गया। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किए गए इस प्रतिष्ठित सम्मान के बाद विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में शिक्षकों, संकाय सदस्यों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों और सहयोगियों ने प्रो. मोहन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि प्रो. मोहन की उपलब्धि केवल एक शिक्षक के व्यक्तिगत सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बीएचयू की समृद्ध अकादमिक परंपरा और ज्ञान-साधना का भी गौरव है। उन्होंने शिक्षण को केवल कक्षा और पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों में शोध-दृष्टि, नवाचार, नए विचारों और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अकादमिक नेतृत्व और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन को भी वक्ताओं ने विशेष रूप से रेखांकित किया।
प्रो. आशुतोष मोहन स्वयं बीएचयू के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने एफएमएस-बीएचयू से एमबीए की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद एफएमएस, यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली से पीएचडी तथा आईएम-बीएचयू से डी.लिट. इन मैनेजमेंट की उपाधि हासिल की। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया में भी अध्यापन किया है तथा प्रतिष्ठित एआईसीटीई करियर अवार्ड के प्राप्तकर्ता रहे हैं।
अकादमिक क्षेत्र में उनके नाम 50 से अधिक शोध-पत्रों का उल्लेखनीय रिकॉर्ड है। वर्तमान में वे शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत नेशनल कोऑर्डिनेटर, आईएनआई-स्वयं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके साथ ही वे बीएचयू मैनेजमेंट रिव्यू के मैनेजिंग एडिटर तथा आईएम-बीएचयू के प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 प्रो. आशुतोष मोहन की दीर्घकालीन अकादमिक उत्कृष्टता, शिक्षण के प्रति समर्पण, शोध, नवाचार और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में योगदान का राष्ट्रीय सम्मान है। उनकी यह उपलब्धि बीएचयू परिवार के लिए गौरव के साथ-साथ नई पीढ़ी के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

समारोह में प्रो. आशीष बाजपेयी, प्रो. एसके दुबे, प्रो. आरके लोधवाल, प्रो. अमित गौतम, प्रो. अनुराग सिंह, प्रो. शशि श्रीवास्तव, प्रो. राजकिरण प्रभाकर, प्रो. आनंदिता चक्रवर्ती, प्रो. विशाल लहरी, प्रो. राम उरांव, प्रो. एसएन उपाध्याय, प्रो. अरुण देशमुख, डॉ. दीपक जायसवाल, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. आशीष आनंद, डॉ. श्वेतांक, डॉ. अमित कुमार, डॉ. उपनिषद मिश्रा, साक्षी, अनिरुद्ध कृष्णमूर्ति, नीतू शर्मा, अहाना एवं नरेंद्र कुमार यादव सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, शोधार्थी, पूर्व विद्यार्थी और सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने प्रो. आशुतोष मोहन का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनकी राष्ट्रीय उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।










