वाराणसी, 14 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 95वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के पहड़िया कैंप में शुक्रवार को 100 फीट ऊंचे विशाल तिरंगे का भव्य अनावरण एवं ध्वजारोहण किया गया। विशाल तिरंगे के फहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पंजीयन एवं स्टाम्प विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल रहे। कैंप पहुंचने पर सीआरपीएफ के सरमोनियल गार्ड ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद मुख्य अतिथि ने 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया।
कार्यक्रम का आयोजन 95वीं बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर एस. बालापुरकर के सौजन्य से किया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विशाल तिरंगे ने कैंप परिसर में राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।

समारोह में द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार एवं आलोक कुमार, उप कमांडेंट नवनीत कुमार एवं वीरेंद्र सिंह, डॉ. रवि प्रकाश, सहायक कमांडेंट रंजन कुमार सिंह एवं पंकज कुमार, इंस्पेक्टर प्रिंस सिंह एवं विवेक चंद्र राय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों एवं जवानों ने एक स्वर में ‘भारत माता की जय’ के जयघोष किए। 100 फीट ऊंचाई पर लहराता विशाल तिरंगा राष्ट्र के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय एकता का संदेश देता रहा।










